लखनऊ सितम्बर(छविनाथ यादव)। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने मंगलवार को बताया कि अन्तर्राज्यीय बबुली कोल गैंग के खूंखार अपराधी संजय कोल की गिरफ्तारी करने वाली टीम को उत्साहवर्धन के लिए एक लाख रुपये का ईनाम दिया जाएगा। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन के क्रम में किया गया है। अन्तर्राज्यीय बबुली कोल गैंग के खूंखार सदस्य संजय कोल पर एक लाख का ईनाम घोषित था। उसे विगत दिनों चित्रकूट जिले से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि ईनामी डकैत संजय कोल पुत्र राजा निवासी टिकरिया थाना मारकुण्डी को पुलिस मुठभेढ़ में गुरसराय के जंगल से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
श्री अवस्थी ने बताया कि प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पाण्डेय एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र दीपक कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट मनोज कुमार झा द्वारा बबुली कोल गैंग के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी में 14 लोगों की गठित टीम को लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि इस टीम में एक निरीक्षक, तीन उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी व आठ आरक्षी शामिल थे। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार ईनामी संजय कोल के पास से एक डीबीबीएल बंदूक फैक्ट्री मेड 12 बोर, पांच जिन्दा कारतूस 12 बोर, नौ खोखा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया है।