सोनभद। सोनभद्र घटना के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधन यज्ञदत्त को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रधान के भाई धर्मेंद्र को भी गिरफ्तार किया है। सोनभद्र जिला संवाददाता के अनुसार सोनभद्र के घोरावल थाना अन्तर्गत मूर्तिया ग्राम पंचायत के उम्भा गांव में बुधवार को जो खूनी संघर्ष हुआ था, उसका मुख्य आरोपी वहां का ग्राम प्रधान यज्ञदत्त है। बताया जाता है कि उसकी छवि इलाके में दबंग की है। यज्ञदत्त गुर्जर बिरादरी से है। वर्षों पहले उसका परिवार पश्चिम उत्तर प्रदेश से आकर यहां बसा था। सोनभद्र पुलिस ने आज देर रात यज्ञदत्त और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले राज्य मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम तक इस मामले में 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त 02 असलहे भी बरामद किए गए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि आलाधिकारियों ने आज घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना में संलिप्त अभियुक्तों की शीघ्रातिशीघ्र गिरफ्तारी हेतु क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीमों का गठन कर उनकी गिरफ्तारी हेतु सम्भावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।