लखनऊ। निकाय चुनाव से पहले राजधानी लखनऊ (Lucknow) को बड़ी सौगात मिली रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने शुक्रवार को लखनऊ में बंगला बाजार से बिजनौर जाने वाले मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (Flyover) का लोकार्पण किया। 1180.90 मीटर लंबे 4 लेन रेल उपरिगामी सेतु को 121.91 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। यह रेल ओवरब्रिज लखनऊ नगर वासियों के लिए अत्यधिक सुविधाजनक एवं उपयोगी साबित होगा।
खास बात यह है कि फरवरी 2021 में शुरू हुए इस पुल का काम मार्च 2023 में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन समय से पहले इसी साल नवंबर में ही पूरा हो गया। यह रेल ओवरब्रिज आलमनगर-उतरठिया (बाईपास) रेलवे लाइन के ऊपर बना है और रेल क्रासिंग संख्या 5सी/2-ई-डीओएच के नाम से जाना जाता है। लोकार्पण के बाद इस सेतु को आवागमन के लिए खोल दिया गया है।
इस पुल के शुरू होने से करीब 30 से 35 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। इन्हें जाम से राहत मिलेगी। इससे शहीद पथ, ट्रांसपोर्ट नगर, बंगला बाजार, बिजनौर, कानपुर रोड, अम्बेडकर विश्वविद्यालय और आशियाना क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक फायदा होगा। लोकार्पण के अवसर पर केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद और लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया उपस्थित रहीं।
सातवें फ्लाईओवर का लोकार्पण
लोकार्पण के अवसर पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सातवां फ्लाईओवर लोकार्पित किया गया है। शहीद पथ से एअरपोर्ट को जोड़ने वाले और राजाजीपुरम में रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल के निकट से चलकर आर0डी0एस0ओ0 फ्लाईओवर को जोड़ने वाले उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य अगले 1 से 2 माह में पूरा हो जायेगा।
122 करोड़ के रेलवे ओवरब्रिज की मिली सौगात
पीडब्ल्यूडी कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ है। प्राथमिकता है कि जनता के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर बनाये जाएं। 122 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज दिया है, जो यहां लोगों को परेशानियां होती थी वह दूर करने में लाभदायक साबित होगा। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार का एमओयू साइन हुआ है। जिसके तहत उत्तर प्रदेश में 300 रेलवे ओवरब्रिज की रूपरेखा तैयार हो रही। इसके लिए पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम तेजी से काम कर रहा है। वहीं उपचुनाव को लेकर जितिन प्रसाद ने कहा कि पिछली बार जो लोकसभा का उपचुनाव हुआ था, रामपुर में बीजेपी का परचम लहराया था। इस बार भी रिकॉर्ड जीत होगी, बीजेपी तीनों चुनाव जीतेगी।
राजधानी को मिलेगा एक फ्लाईओवर
इनके अतिरिक्त सीतापुर हाईवे पर आई0आई0एम0 तिराहे की ऊपर लगभग 2 कि0मी0 लम्बे और इंजीनियरिंग कालेज से मुंशीपुलिया के मध्य खुर्रमनगर चौराहे के ऊपर लगभग 1.5 कि0मी0 लम्बे उपरिगामी सेतु और सेक्टर-25 इन्दिरानगर चौराहे के पास से प्रारम्भ होकर मुंशी पुलिया चौराहे से पालीटेक्निक चौराहे तक एलीवेटेड रोड का कार्य प्रगति पर है जिसके अगले वर्ष अंत तक पूरा हो जायेगा।
इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह,एमएलसी मुकेश शर्मा, महानगर भाजपा महामंत्री सुनील यादव, दिवाकर त्रिपाठी सांसद प्रतिनिधि, के.पी. सिंह ओएसडी रक्षा मंत्री, डॉ राघवेंद्र शुक्ला पीआरओ रक्षा मंत्री, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला, राम अवतार कनौजिया उपस्थित रहे।