रांची/पलामू: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर में नक्सलियों ने लैंडमाइंस विस्फोट कर पुलिस की गाड़ी को उड़ा दिया है। नक्सलियों के इस हमले में 3 जवान शहीद हो गए हैं। साथ ही 6 पुलिसकर्मी जख्मी भी हुए हैं।
ये घटना पलामू के छतरपुर में बुधवार शाम 5. 30 बजे की है। वारदात चैनपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ी की है। सूचना पाकर पलामू के डीआईजी साकेत सिंह और पलामू के एसपी मयूर पटेल मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। पलामू के एसपी ने बताया कि शहीद हुए जवानों में एक ड्राइवर भी है।
सुबह से चल रही थी मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन जारी
घायल जवानों को हाॅस्पिटल भेजा गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। यहां आज सुबह से ही पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही थी। मुठभेड़ के बाद हुसैनाबाद थाने की पुलिस बैकअप के लिए गई थी। इसमें हुसैनाबाद थाना इंचार्ज पुलिस जिप्सी पर सवार थे, जो आगे निकल गए और पीछे से आ रही टाटा 407 विस्फोट की चपेट में आ गई। इसके बाद पुलिस के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ शुरू हो गई।