लखनऊ (छविनाथ यादव)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन 17 सितम्बर को है। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई ने इस उपलक्ष्य में शनिवार से सेवा सप्ताह अभियान की शुरुआत की। बीस सितम्बर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान पार्टी सेवा एवं स्वच्छता के कार्यक्रम करते हुए गांव, गरीब तक पहुंचेगी।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को हमीरपुर के नौबस्ता मलिन बस्ती में सड़कों की सफाई कर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हुए सेवा सप्ताह का शुभारम्भ किया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने राजधानी लखनऊ में मोहान रोड स्थित राजकीय बालगृह में बच्चों के बीच रहकर अभियान में सम्मलित हुए।
सुनील बंसल वहां 149 दिव्यांग बच्चों के साथ करीब दो घंटे रहे। इस दौरान उन्होंने फल और मिठाई का वितरण किया। बच्चों के कार्यक्रमों को देखा और उनके साथ संवाद किया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने खुद के बनाये हुए बैग व अन्य वस्तुएं भाजपा संगठन महामंत्री को दिखायी।
14 सितम्बर से 20 सितम्बर तक चलने वाले सेवा सप्ताह के तहत आज पहले दिन पूरे प्रदेश में पार्टी के पदाधिकारियों, राज्य सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों सहित बडी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
सेवा सप्ताह का शुभारम्भ करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सेवा सप्ताह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संस्कार मिलेगा। ऐसे कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में त्याग व सर्मपण की भावना बढ़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी का एक-एक कदम गरीबों की सेवा के लिए उनके कल्याण व सम्मान के लिए है। मोदी ने सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ बिना भेदभाव के समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण कैसे हो लगातार इसी दिशा में काम करते हुए देश का गौरव विश्व में बढ़ाया है।
स्वतंत्र देव ने कहा कि मोदी जनसेवा के लिए तत्पर रहकर दिन-रात काम कर रहे हैं। पार्टी के सदस्यता अभियान के बाद अब संगठन चुनाव शुरू होने वाले हैं। अब सेवा सप्ताह के अभियान के माध्यम से पार्टी द्वारा स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पौधारोपण, हेल्थकैम्प सहित जनसेवा के कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जरूरत मंद लोगों की मदद और उनकी सेवा के लिए कार्य करें।