मुजफ्फरनगर। यहां भ्रष्टाचार और भूमाफिया के खिलाफ बीते 24 सालों से धरना स्थल पर अनशनरत मास्टर विजय सिंह पर पुलिस ने खुले में अंडर गारमेंट सुखाने के आरोप में केस दर्ज किया है। हालांकि, मास्टर विजय सिंह का दावा है कि वह अंडर गारमेंट उनका नहीं, बल्कि उनके साथ रह रहे एक बेसहारा का है। मैं अनशन से उठने वाला नहीं हूं, संघर्ष जारी रहेगा। हाल ही में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने उन्हें धरने से जबरन उठवा दिया था। इसके बाद उन्होंने दोबारा शिव चौक पर धरना शुरू कर दिया।
समाजसेवी पर यह लगी धारा
शनिवार को मास्टर विजय सिंह के खिलाफ नाजिर सदर ने थाना सिविल लाइन में धारा- 509 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस धारा में स्त्री लज्जा भंग की कार्रवाई होती है। नाजिर सदर संजय कुमार का आरोप है कि मास्टर विजय ने कलेक्ट्रेट में धरनास्थल के बाहर अपना अंडरवियर सुखाया है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की है। मास्टर विजय सिंह का कहना है कि मैं संघर्ष करता रहूंगा, मुझे फांसी पर लटका दीजिए। कहा- यह मेरे धरने को खत्म करने की साजिश है।
कोई बोलने को तैयार नहीं
मामले में कोई अधिकारी बोलने के लिए तैयार नहीं है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे लंबा धरना देने के लिए विजय सिंह का नाम इंडिया बुक ऑफ रेकॉर्ड्स, लिम्का बुक में दर्ज है।

















