आगरा। मंगोलिया के राष्ट्रपति खाल्तमाजीन बतुल्गा ने ताजमहल का दीदार किया। निर्धारित समय से एक घंटा देरी से मंगोलियन राष्ट्रपति यहां पहुंचे। शिल्पग्राम पर मंगोलियन राष्ट्रपति का स्वागत पर्यटन राज्य मंत्री डॉ। नीलकंठ तिवारी ने किया। ताजमहल को वीवीआइपी विजिट के चलते दो घंटे पर्यटकों के लिए बंद रखा गया था।
मंगोलिया के राष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे ताजमहल भ्रमण के लिए आगरा पहुंचे। शिल्पग्राम पर स्वागत सत्कार के बाद वे ताज के दीदार के लिए रवाना हुए। अचानक हुई बारिश के कारण मंगोलिया के राष्ट्रपति खाल्तमाजीन बतुल्गा को छाता लगाकर ताज का भ्रमण करना पड़ा। पत्नी सहित ताज का भ्रमण उन्होंने किया।
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व ताज की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। वीवीआइपी विजिट के कारण ताजमहल की टिकट विंडो सुबह दस बजे से बंद हो गयी थीं। इससे पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।