विनेश फोगाट को बॉलीवुड की गर्ल गैंग का मिला पूरा समर्थन…

0
12

भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट को आज ओलंपिक रेस्लिंग फाइनल मैच से डिसक्वालीफाई कर दिया गया है। उन्हें अयोग्य करार देने की वजह उनका 100 ग्राम अधिक वजन बताया गया है। इस खबर के फैलने के बाद देशभर में उनके समर्थक बेहद निराश हो गए हैं। गोल्ड मेडल के बेहद करीब पहुंचकर भी विनेश उसे प्राप्त नहीं कर सकीं। इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है और बॉलीवुड से भी उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। विनेश के समर्थन में बॉलीवुड की कई मशहूर अभिनेत्रियाँ आ गई हैं। आलिया भट्ट और अनन्या पांडे जैसी हस्तियाँ उन्हें देश का गौरव मान रही हैं और उनकी सराहना कर रही हैं।

आलिया भट्ट ने भी विनेश फोगाट के समर्थन में एक भावुक पोस्ट साझा की है। एक्ट्रेस ने लिखा कि वह विनेश के दर्द को पूरी तरह से समझती हैं और उनके साथ दुखी हैं। आलिया ने कहा, “विनेश फोगाट, आप पूरे देश के लिए एक प्रेरणा हैं। आपकी दृढ़ता, साहस और कठिनाइयों ने आपको इतिहास में एक खास स्थान दिलाया है। आज, भले ही आपका दिल टूटा है, हम भी आपके साथ दुखी हैं। लेकिन आप एक महिला हैं जो सोने की तरह हैं, लोहा हैं, और स्टील हैं। कोई भी चीज आपसे आपकी ये ताकत नहीं छीन सकती। आप हमेशा एक चैंपियन रहेंगी। आप जैसी कोई नहीं है, विनेश फोगाट।”

एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने भी विनेश फोगाट के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “विनेश फोगाट, आप सच्चे विजेता हैं। यही कहना है। आपकी उपलब्धियां, विरासत और नाम ऐसा कुछ है जिसे कोई भी छीन नहीं सकता। आपकी मेहनत और समर्पण ने हमें विश्व स्तर पर मान दिलाया है, और इसके लिए हम आपके आभारी हैं। पूरा भारत आपके साथ खड़ा है। भारत आपका धन्यवाद करता है।”

अनन्या पांडे ने भी विनेश फोगाट को समर्थन दिया है। उन्होंने विनेश की एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वह हाथ जोड़े हुए नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के कैप्शन में अनन्या ने लिखा, “चैंप चैंप चैंप।” इसके अलावा, समंथा रुथ प्रभु, स्वरा भास्कर, सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरेशी जैसे सितारे भी विनेश के हौसले को बढ़ाने में शामिल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here