नई दिल्ली। दुनियाभर के देशों में सबसे ज्यादा गांजे का सेवन कहां किया जाता है, इससे जुड़ी एक लिस्ट आई है। इसमें भारत की राजधानी दिल्ली तीसरे नंबर पर है। वहीं लिस्ट में मुंबई छठे स्थान पर है। आंकड़ाें पर नजर डाली जाए तो वर्ष 2018 में केवल दिल्ली में गांजे की लगभग 38,260 किलो खपत हुई है। अमेरिका का न्यूयॉर्क शहर इस लिस्ट में टॉप पर है। वहीं दूसरे स्थान पर पाकिस्तान का कराची शहर है।
यह रिपोर्ट एक स्टडी के तहत सामने आई है। इसे जर्मन की कंपनी एबीसीडी ने किया है। कंपनी गांजे की खपत से जुड़े तरह-तरह के सर्वे करती है। इस लिस्ट में साल 2018 के आंकड़े बताए गए हैं। स्टडी में लॉस एंजेल्स, काहिरा, लंदन, शिकागो, मॉस्को, टोरेंटो का भी नाम शामिल है। इस रिपोर्ट को बनाने के लिए दुनिया भर के करीब 120 शहरों में सर्वे किया गया।
इसमें बताया गया कि न्यूयॉर्क में पिछले साल 77।4 टन गांजे की खपत हुई। वहीं कराची में नशेड़ियों ने 42 टन गांजा फूंक दिया गया। मुंबई में लोगों ने 32।4 टन गांजे का इस्तेमाल किया। वहीं कंपनी की दूसरी स्टडी के मुताबिक, दिल्ली और मुंबई में गांजे की कीमत बाकी देशों के मुकाबले सबसे कम है। इसमें दिल्ली में एक ग्राम गांजा करीब 300 रुपये है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 328 रुपये प्रति ग्राम है।
टैक्स लगे तो होगी करोड़ाें की आमदनी
रिपोर्ट के अनुसार, यदि गांजे को वैध कर इस पर टैक्स को वसूला जाए तो सिर्फ दिल्ली से ही सरकार को 725 करोड़ रुपये की आमदनी होगी। वहीं मुंबई से यह आंकड़ा 641 करोड़ रुपये का रहेगा। अमेरिका में गांजा लीगल है और यदि वहां के टैक्स के आंकड़ाें के हिसाब से भी भारत में वसूली की जाए तो सरकार को दिल्ली से 225 करोड़ और मुंबई से 199 करोड़ की आमदनी होगी। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे महंगा गांजा टोक्यो में मिलता है जहां पर एक ग्राम गांजे की कीमत करीब 2,347 रुपये है।