गंगटोक। सिक्किम के पश्चिम जिला अंतर्गत योकसम-ताशीडिंग क्षेत्र के कई गांवों में भारी बारिश के कारण सोमवार देर रात भूस्खलन हुआ। लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई घरों को क्षतिग्रस्त हुए हैं। मवेशी और खेतों को नुकसान पहुंचा है। मलबा सड़क पर आने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। राहत व बचाव कार्य जारी है।
राहत व बचाव कार्य शुरू
विशेष रूप में पश्चिम जिले के चर्चित पर्यटन स्थल योकसम के पास छोंग गांव में देर रात भूस्खलन हुआ। भूस्खलन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला घायल हो गई। घायल को योकसम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया है। भूस्खलन से कई मवेशियों के मरने की सूचना है। एक वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। दुर्घटना के दौरान वाहन में कोई नहीं था। घटना के बारे में सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, वन कर्मियों, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने भूस्खलन प्रभावित स्थल पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। गांववासियों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।
भूस्खलन का मलबा सड़कों पर आने से यातायात भी बाधित हो गया है। इस कारण भी राहत व बचाव कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह से छोंग गांव में राहत व बचाव कार्य जारी है। एसएसबी के जवानों को भी योकसम में तैनात किया गया है। यातायात सुचारू करने के लिए मसबा हटाने का कार्य चल रहा है।