नयी दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए हटाए जाने के बाद से बौखलाया पाकिस्तान जम्मू संभाग के राजौरी व पुंछ की नियंत्रण रेखाओं पर लगातार गोलीबारी कर रहा है। मंगलवार को भी पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की जिसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि चार जवान घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार सैन्य अस्पताल में जारी है। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
बिहार का लाल शहीद
पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा पर बसे कृष्णा घाटी सेक्टर में स्थित भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे। इस गोलीबारी में सेना के पांच जवान घायल हो गए जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने बिहार के जिला रोतासा के ग्राम गोप बिघा निवासी नायक रवि राजन (36) को मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी रीता देवी हैं। जबकि चार जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल ले जाया गया। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दे रहे हैं।
कई पाक सैनिकों को किया ढेर
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तान की कई चौंकियों को तबाह कर दिया। वहीं कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की भी खबर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। पाकिस्तान द्वारा लगातार की जा रही गोलीबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले की नियंत्रण रेखा के समीप स्थित सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। पाकिस्तान की इस गोलाबारी के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और वह सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं।