बेगूसराय। बेगूसराय के सांसद और केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एकबार फिर राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने राहुल गांधी को कश्मीर जाने के बजाय पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का दौरा करने की सलाह दी है। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से भी अच्छे संबंध रखने का आरोप लगाया है।
ट्विटर के माध्यम से लगातार विपक्ष पर हमला कर रहे गिरिराज सिंह ने कहा है कि बेचैन राहुल गांधी को कश्मीर के बजाय पीओके जाना चाहिए। राहुल गांधी को पाकिस्तानी पीएम से मिलने की सलाह देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा मैं तो कहता हूं दो कदम आगे बढ़कर बेचैन इमरान खान का ब्लड प्रेशर भी ठीक करके आते। पर्सनल रिपोर्टिंग भी हो जाती, इनके रिश्ते इतने अच्छे जो हैं। गिरिराज सिंह के ट्वीट पर 27 सौ से अधिक लोगों ने जहां रिट्वीट किया है, वहीं 16 हजार से अधिक यूजर ने लाइक किया है।
खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे
एक यूजर ने कहा है कि अलग-अलग मुल्कों में होने के बावजूद कांग्रेस और इमरान खान के विचारों में बहुत समानता है। फिलहाल दोनों ही कश्मीर मुद्दे पर मोदी जी को जमकर कोस रहे हैं और दोनों का ही हाल खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे जैसा हो गया है। पहले बोलते थे, हिम्मत है तो 370 हटा कर दिखाओ, हटा दी तो बोल रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। अब इन चमचों को कौन समझाए, इमरान खान समझा सकते हैं लेकिन वो खुद 370 के बुखार में पड़े हैं।
एक ने सलाह दी है कि राहुल गांधी के बारे में बहुत ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है क्योंकि, भारत में राहुल गांधी को लोग सीरियसली नहीं लेते हैं। रही पाकिस्तान की बात तो राहुल गांधी की तरह पाकिस्तान को विश्व में कोई सीरियसली नहीं लेता है।