रक्षा मंत्रालय ने कहा- पाक KBC के जरिये लोगों को फंसाने की हो रही है कोशिश

0
648

नई दिल्ली। भारत के लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। पाक से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने अपनी पड़ताल में इसका पता लगाया है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे पाकिस्तानी समूह लोगों से केबीसी के फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने को कहते हैं। इसके बाद लोगों से गेम शो के फर्जी मैसेज भेजने को कहा जाता है। इसके जरिए पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट लोगों की जानकारी हासिल करते हैं और पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा फैलाते हैं।

मंत्रालय ने ग्रुप से बाहर होने की सलाह दी

रक्षा मंत्रालय के साइबर सेल ने कई व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन के तौर पर 2 पाकिस्तानी नंबरों का पता लगाया है, जो लोगों को फंसाने के लिए इस तरह के फर्जी मैसेज भेज रहे हैं। रक्षा मंत्रालय ने लोगों को ऐसे समूह तुरंत छोड़ने की सलाह दी है।

धारा 370 हटने के बाद भारत के खिलाफ दुष्प्रचार तेज

कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने साइबर वर्ल्ड में भारत के खिलाफ दुष्प्रचार तेज कर दिया है। आभासी दुनिया में पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सुरक्षा बलों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने सेना के वर्तमान और पूर्व अधिकारियों के नाम पर बने करीब 200 फर्जी ट्विटर अकाउंट भी ट्रेस किए हैं, जिनके जरिए इंटरनेट पर पाकिस्तानी नजरिए का प्रचार किया जा रहा है। सुरक्षा बलों की शिकायत पर ऐसे कई फर्जी अकाउंट बंद भी किए गए हैं।

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सोशल मीडिया पर हनी ट्रेप की जानकारी भी मिली है। आमतौर पर किसी लड़की के तौर पर सोशल मीडिया मीडिया अकाउंट बनाकर सेना के जवानों और अधिकारियों को फंसाया जाता है। इसके बाद उनसे संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश जाती है। सेना ने अधिकारियों को अपनी तैनाती और भूमिका के बारे में सोशल मीडिया पर कुछ भी लिखने से बचने को कहा है। पाकिस्तान की तरफ से इस जानकारी का दुरूपयोग किए जाने की आशंका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here