दिल्ली में ठंड का कहर , 1.7 डिग्री पहुंचा तापमान

0
613

नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जहां एक तरफ लोगों पर सर्दी का सितम है तो वहीं दूसरी तरफ लगातार तापमान में भारी गिरावट हो रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार की सुबह दिल्ली के लोधी रोड पर पारा गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियर पर आ पहुंचा। वहीं, सफदरजंग एन्क्लेव में 2.4, पालम में 3.1 और आया नगर में तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही, विजिबलिटी महज 150 मीटर तक रह गई।

राजस्थान के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार रात फतेहपुर में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे, जोबनर में शून्य से दो डिग्री नीचे, आबू में शून्य से 1.5 डिग्री नीचे, सीकर में शून्य से 0.8 डिग्री नीचे और चुरू में शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।

अन्य शहर जहां पांच डिग्री से कम तापमान दर्ज हुआ उन शहरों में पिलानी (0.4), राजसमंद (1.4), गंगानगर (1.4), अलवर (2.0), उदयपुर (3.2), जयपुर (4.0), अजमेर (4.0) और रामगंजमंडी (4.0) रहे।

चार डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ जयपुर पिछले पांच सालों में दिसंबर में सबसे ठंडा रहा, जबकि जोधपुर में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि 35 सालों में सबसे कम रहा। इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रहने और घने कोहरे की चेतावनी दी है।

शिमला से भी ज्यादा दिल्ली में सर्दी

इससे पहले, शुक्रवार को राजधानी की सुबह शिमला से भी ठंडी रही। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया। आयानगर में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोग इस ठंड का सामना करने के लिए आग जला रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री रहा।

अभी और बढ़ सकती है ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में आने वाले दिनों में पारा और गिर सकता है। इसके कारण ठंड ज्यादा बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बारिश हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here