लखनऊ। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान भाजपा कार्यालय में भारी संख्या में पदाधिकारी व पूर्व मुख्यमंत्री के समर्थक मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सोमवार को लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। कार्यालय में मौजूद भाजपा की सदस्यता लेने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों ने अपने वरिष्ठ नेता का स्वागत और अभिनंदन किया। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद कल्याण सिंह अपने पौत्र एवं राज्यमंत्री संदीप सिंह के माल एवेन्यू स्थित आवास पहुंचे।
चुनाव लड़ने का इरादा नहीं
संवाददाताओं से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा कि इतनी उम्र गुजर जाने के बावजूद न तो वह थके हैं और न ही उनका मन छूटा है। उन्होंने कहा, ”मेरा तन टायर नहीं है, मन रिटायर नहीं है।’ उन्होंने कहा, ”मैं राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम मानता हूं। उसी भावना से मैंने फिर से सक्रिय राजनीति में प्रवेश करने का फैसला किया है। जब तक मैं राज्यपाल रहा तब तक मैंने उस पद की गरिमा का पूरा ख्याल रखा।” सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भविष्य में चुनाव लड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।
राम मंदिर पर दिया ये जवाब
अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर पूछे गये सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”राम मंदिर का निर्माण करोड़ों लोगों की आस्था का प्रश्न है। जितनी पार्टियां हैं, वे जनता के सामने अपना मत स्पष्ट करें कि वे राम मंदिर के निर्माण के पक्ष में हैं या फिर उसके विरोध में।’
सीएम योगी की तारीफ की
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। जब से योगी ने गद्दी सम्भाली है तब से गांव, गरीब की स्थिति में बड़ा फर्क आया है। खुशहाली बढ़ी है।कभी भाजपा के छत्रप माने जाने वाले सिंह ने करीब पांच साल पहले राजस्थान का राज्यपाल बनने के बाद भाजपा से त्यागपत्र दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि 87 वर्ष की आयु के बाद कल्याण सिंह ने एक बार फिर सक्रिय राजनीति में वापसी कर ली है। राजस्थान के राज्यपाल बनने के बाद वह पिछले पांच साल से सक्रिय राजनीति से दूर रहे।