लखनऊ ( छविनाथ यादव)। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों में अल्पसंख्यक वोट बैंक के लिए होड़ लगी है। इस होड़ के कारण कांग्रेस पार्टी देश की तथा समाजवादी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी प्रदेश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही हैं। अखिलेश यादव आज पाकिस्तान की भड़काने वाली भाषा बोल रहे हैं। उनकी भाषा दंगा भड़काने वाली है। यह बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
स्वतंत्र देव ने कहा कि विपक्ष के द्वारा देश व प्रदेश में फैलाई जा रही अफवाह, भ्रम और झूठ की राजनीति का जवाब देने के लिए प्रदेश में जनता के बीच सीएए का सच बताने के लिए भाजपा 26 दिसम्बर से 25 जनवरी तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरण का अभियान शुरू करने जा रही है।
सपा के सांसद, विधायक व नेताओं ने कराए दंगे
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के सांसद, विधायक और नेताओं ने लोगों को भड़काया आगजनी और दंगे कराए। उन्होंने कहा कि सपा की संस्कृति ही अराजकता और गुडागर्दी की रही है। जब समाजवादी पार्टी सत्ता में रहती है तो मुजफ्फरनगर जैसा दंगा कराते हैं। दंगाइयों को हेलीकाप्टर से बुलाकर बिरयानी खिलाते हैं। आंतकियों को जेल से रिहा करने की योजना बनाते हैं और जब विपक्ष में रहती है तो लोगों को भड़काकर साजिश करके अमन में आग लगाते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर उठाये सवालों पर पटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश जी आपको याद रखना चाहिए कि राज्य में सत्ता बदल चुकी है और व्यवस्था भी बदल गई है।
प्रदेश में दो लाख करोड़ का निवेश उतर चुका है जमीन पर
राज्य में निवेश को लेकर उठाए गए सवालों पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश को देखकर लगता है कि वे अपनी सरकार की फाइलें पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 4.38 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव आए, जिसमें से दो लाख करोड़ से अधिक प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैे और उन पर काम भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अंहकार और पिता की मेहनत से विरासत में मिली कुर्सी पर बैठे अखिलेश जी को जमीनी हकीकत का पता नहीं है।
राजनीतिक दल देश से बड़ा नहीं होता
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित समस्त विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह लेकिन कोई भी राजनीतिक दल या सत्ता देश से बड़ी नहीं होती है। इसलिए अपना राजनीतिक हित साधने के लिए भ्रम व झूठ न फैलाए। एक कौम को गुमराह मत करिए। उन्होंने कहा कि सीएए के बाद से कई मुस्लिम धर्म गुरूओं, सूफी संतों व मुस्लिम समाज के गणमान्य जनों सहित अन्य लोगों से लगातार मेरी स्वयं की भेंट व संवाद हुआ। सभी का यह कहना है कि सीएए के हम समर्थन में है और कुछ विपक्षी दल अपने राजनीतिक हित साधने के लिए समाज को गुमराह कर रहे है।
गोष्ठियां, कार्यशालाओं का होगा आयोजन
उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन एक्ट को लेकर पार्टी पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत सामाजिक संपर्क अभियान, संवाद, गोष्ठियां व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा साथ ही मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से भी हम सीएए के बारे में जनता के बीच जनजागरण अभियान चलाएंगे। इस पूरे अभियान के योजना रचना के लिए 24 दिसम्बर को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी।