उप्र में हिंसक हुआ सीएए का विरोध, मुख्यमंत्री बोले-उपद्रवियों की सम्पत्ति होगी जब्त

0
584

लखनऊ ( छविनाथ यादव)। उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध गुरुवार को हिंसक हो गया। राजधानी लखनऊ और सम्भल में प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल किया। लखनऊ में दो पुलिस चौकियां फूंकी गईं और 20 से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। उपद्रवियों के पथराव में एडीजी और आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज के हिंसक प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन उपद्रवियों से सख्ती के साथ निपटेगा और उनकी सम्पत्ति जब्त कर उससे ही नुकसान की भरपाई की जाएगी। 
प्रदेश की प्रमुख विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) ने नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में आज राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। सपा के इस प्रदर्शन ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ और संभल में हिंसक रूप ले लिया। लखनऊ के कई इलाकों में उपद्रव के दौरान दो पुलिस चौकियां भी जला दी गई और बाहर खड़े वाहनों को फूंक दिया गया। कवरेज के लिए वहां पहुंचे मीडिया की ओबी वैन भी आग के हवाले कर दी गईं। परिवर्तन चौक, हजरतगंज, मदेयगंज, खदरा और ठाकुरगंज में भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया। इस पथराव में लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसएन साबत, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) एसके भगत और क्षेत्राधिकारी (सीओ) हजरतगंज अभय मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को राजधानी में कई जगह लाठी चार्ज करना पड़ा। आंसू गैस के गोले भी दागे गये। पुलिस ने इस दौरान सपा और कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार भी किया। 
उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल में भी नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त की गईं। पत्रकारों को भी निशाना बनाया गया। उग्र भीड़ ने शहर की चौधरी सराय पुलिस चौकी पर पथराव किया। पश्चिम उप्र के ही अमरोहा में जिला मुख्यालय पर धरना देने जा रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुजफ्फर नगर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई।
पूर्वांचल के वाराणसी, गोरखपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, भदोही और चंदौली सहित अन्य जिलों में भी सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू होने के कारण पुलिस ने अधिकतर प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर में पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद समेत कई सपा नेता गिरफ्तार किये गये। प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से जैसे ही विरोध प्रदर्शन के लिए जुलूस निकाला पुलिस ने थोड़ी देर बाद उन्हें रोका। इस पर सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गये। फिर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आगरा, मथुरा, मेरठ, बरेली समेत अन्य जिलों में भी सपा ने आज नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ विरोध प्रर्दशन किया। फिरोजाबाद में पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को पानी की बौछार से खदेड़ दिया। इसके बाद भी प्रदर्शन पर अड़े पूर्व सांसद अक्षय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here