त्रिवेंद्र सिंह रावत बनेंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री… जानें, कौन है त्रिवेंद्र सिंह रावत?

0
636

नई दिल्ली। उत्तराखंड के सीएम का पद अब त्रिवेंद्र सिंह रावत संभालेंगे। विधायक दल की बैठक में त्रिवेंद्र सिंह रावत को सीएम बनाने के फैसले पर मुहर लगी। कल यानी 18 मार्च को वह मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि देहरादून में हुई बैठक में धर्मेन्द्र प्रधान, जेपी नड्डा और श्याम जाजू के अलावा बीजेपी के सभी 57 विधायक मौजूद थे। इस दौरान रावत को विधायक दल का नेता चुना गया।

आइये जानते हैं कौन हैं त्रिवेंद्र सिंह रावत?

  • 56 वर्षीय त्रिवेंद्र सिंह रावत डोइवाला विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। 
  • रावत तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
  • 1983 से 2002 के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ काम किया है और कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
  • बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। 
  • त्रिवेंद्र सिंह रावत फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई के इंचार्ज हैं। 
  • रावत 2002 में डोइवाला सीट से ही चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।
  • वह 2007-12 तक प्रदेश के कृषि मंत्री भी थे। 
  • 2014 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश में काम किया था। 
  • रावत 18 मार्च को देहरादून में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 स्वयंसेवक से CM बनने तक का सफर, विस्तृत में…

त्रिवेन्द्र सिंह रावत का जन्म 20 दिस्म्बर, 1960 को उत्तराखंड के एक गांव खैरासैण में हुआ था। ये पत्रकारिता में पोस्टग्रेजुएट हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत 1979 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। वह 1983 से 2002 तक आरएसएस के प्रचारक रहे। 1985 में देहरादून महानगर के प्रचारक बने। इसके बाद वह 1993 में भारतीय जनता पार्टी के संगठन मंत्री बने।
साल 2002 मे डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए। वहीं, साल 2007 में भी वह दूसरी बार डोईवाला से विधायक चुने गए। 2012 के विधान सभा चुनाव में डोईवाला सीट छोड़ उन्होंने रायपुर विधान सभा से चुनाव लड़ा लेकिन वहां से वह हार गए।
साल 2013 में बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई। 2014 लोक सभा चुनाव में उत्तरप्रदेश में अमित शाह के साथ सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। जिसमें उन्होंने उत्तरप्रदेश से लोकसभा में 73 प्रत्याक्षियों को जितवाया।

56 वर्षीय त्रिवेंद्र सिंह रावत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के काफी करीबी मानें जाते हैं। वह फिलहाल, झारखंड में पार्टी प्रभारी भी हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की है, जिसके बाद से ही राज्य में कौन मुख्यमंत्री बनेगा इसपर प्रश्नचिन्ह् लगा हुआ था। आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का नाम फाइनल हो गया है, वहीं कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम फाइनल हो जाएगा।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here