लखनऊ(छविनाथ यादव)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह व उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही गांधी जी के लोकप्रिय भजन गाये गये। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र ने विदेशी शासन से मुक्ति पायी। गांधी जयन्ती हम सभी के लिये एक गौरवमय राष्ट्रीय पर्व के रूप में है। उनके जैसा आध्यात्मिक, सामाजिक चरित्र विश्व इतिहास में मिलना दुर्लभ है। शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जो उनसे अछूता रहा हो, जिसे उन्होंने अपनी क्षमता से समृद्ध न किया हो।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धान्त आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस कालखण्ड में थे। अपने कार्य में मानवता का भाव लाकर, विचार एवं कर्म की सुचिता से हम सभी नागरिकों में एक नया संचार पैदा किया था। आज उन्हीं के सिद्धांतों पर चलकर जनता के प्रति विश्वसनीयता कायम कर सकते हैं और उसमें वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी स्वच्छता को बहुत महत्व देते थे, उन्होंने भारतीय समाज में व्याप्त बुराईयों, साम्प्रदायिकता, नशाखोरी, जातिवाद के खिलाफ आवाज उठाई और अपने त्याग से उसको दूर करने की कोशिश की। गांधी जी जानते थे कि किसी तरह के विकास या सुशासन के पहले स्वतंत्रता बहुत जरूरी है। राष्ट्रपिता अपने चारों ओर के वातावरण की शुद्धता के प्रति भी सजग थे। जीवन में अनुशासन एवं आत्मिक शुद्धता के वे सफल प्रयोगकर्ता थे। विचारों की शुद्धता के लिये उन्होंने सत्य का प्रयोग किया।
डीजीपी ने सूबे की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आप सभी के अथक परिश्रम एवं कर्तव्य निष्ठा से ही अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में हम सफल हुए। नियंत्रित अपराध एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था से ही पूरे प्रदेश में विकास का माहौल बना है। प्रदेश में सभी त्यौहार एवं मेले सकुशल सम्पन्न हुए हैं। महिला सुरक्षा पर भी बहुत कार्य किये गये हैं, अफवाहों पर नजर रही है, डिजिटल वालंटियर बनाये गये हैं तथा सोशल मीडिया पर भी नजर है। पूरे वातावरण को स्वच्छ बनाना पुलिस विभाग का कर्तव्य है।
पुलिस महानिदेशक एवं नीलम सिंह, अध्यक्षा वामा सारथी/उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन व पुलिस अधिकारियों तथा वामा सारथी सदस्यों द्वारा पदयात्रा एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा जीपीओ पर माल्यार्पण किया गया।