ICC CWC 2019: वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे रोमांचक मुकाबला, इंग्लैंड ने पहली बार जीता वर्ल्ड कप

0
1111

लंदन। इंग्लैंड पहली बार वर्ल्ड कप चैम्पियन बन गया। क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर रविवार को खेले गए सबसे दिलचस्प फाइनल में इंग्लैंड विजेता बना। इसी के साथ श्रीलंका (1996) के 23 साल बाद क्रिकेट को नया चैम्पियन मिल गया। वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार फाइनल में सुपर ओवर खेला गया। यह भी पहली बार हुआ, जब मैच और सुपर ओवर, दोनों टाई हो गए। न्यूजीलैंड ने पहले 241 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम 241 रन पर ही ऑलआउट हो गई। सुपर ओवर में इंग्लैंड ने 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने इस लक्ष्य की बराबरी तो कर ली, लेकिन जीत के लिए जरूरी एक रन बनाने से चूक गया। पूरे मैच में इंग्लैंड ने 26 और न्यूजीलैंड ने 17 बाउंड्री लगाईं। ज्यादा बाउंड्री लगाने की वजह से इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया।
न्यूजीलैंड की टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 241 रन ही बना सकी। जिसके बाद सुपर ओवर का सहारा लिया गया। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और जोस बटलर ने ट्रेंट बोल्ट के सुपर ओवर में 15 रन स्कोर किए। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम और मार्टिन गप्टिल सुपर ओवर में जोफ्रा आर्चर का सामना करने उतरे। इन दोनों ने भी 6 गेंदों में 15 रन ही बनाए और इस तरह सुपर ओवर भी टाई पर छूटा। लेकिन बाउंड्री काउंट के आधार पर इंग्लैंड की टीम बाजी मार गई और न्यूजीलैंड का पहली बार विश्व विजेता बनने का सपना टूट गया।

सुपर ओवर में इंग्लैंड की बैटिंग

पहली गेंदस्टोक्स ने 3 रन लिए
दूसरी गेंदबटलर ने 1 रन लिया
तीसरी गेंदस्टोक्स ने चौका लगाया
चौथी गेंदस्टोक्स ने 1 रन लिया
पांचवीं गेंदबटलर ने 2 रन लिए
छठी गेंदबटलर ने चौका लगाया

सुपर ओवर में न्यूजीलैंड की बैटिंग

पहली गेंदवाइड
पहली गेंदनीशम ने 2 रन लिए
दूसरी गेंदनीशम ने छक्का लगाया
तीसरी गेंदनीशम ने 2 रन लिए
चौथी गेंदनीशम ने 2 रन लिए
पांचवीं गेंदनीशम ने 1 रन लिया
छठी गेंदगुप्टिल ने 1 रन लिया

स्टोक्स 84 रन बनाकर नाबाद रहे

स्टोक्स और जोस बटलर ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। स्टोक्स ने नाबाद 84 रन बनाए। बटलर 59 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो 36 रन बनाकर फर्गुसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान इयॉन मॉर्गन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेम्स नीशम की गेंद पर लॉकी फर्गुसन ने उनका कैच लिया। जेसन रॉय 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। जो रूट 7 रन बनाकर ग्रैंडहोम की गेंद पर आउट हो गए।

निकोलस ने करियर का 9वां अर्धशतक लगाया

टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। उसके लिए हेनरी निकोलस ने 55 और टॉम लाथम ने 47 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए लियम प्लंकेट और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट लिए। निकोलस ने वर्ल्ड कप में अपना पहला और करियर का 9वां अर्धशतक लगाया।

केन विलियम्सन 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लियम प्लंकेट ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने निकोलस के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। रॉस टेलर 15 रन बनाकर मार्क वुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। जेम्स नीशम 19 रन बनाकर प्लंकेट की गेंद पर जो रूट को कैच थमा बैठे। कॉलिन डी ग्रैंडहोम 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए।

गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक नहीं लगा सके

न्यूजीलैंड ने पहला विकेट मार्टिन गुप्टिल (19 रन) का खोया। उन्हें क्रिस वोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। उन्होंने पिछला अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में लगाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here