Home जन इंडिया मुख्यमंत्री भरोसे के लायक नहीं, राज्यपाल से मिले उन्नाव का पीड़ित परिवार...

मुख्यमंत्री भरोसे के लायक नहीं, राज्यपाल से मिले उन्नाव का पीड़ित परिवार : अखिलेश

0
774

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को मेडिकल कालेज लखनऊ, ट्रामा सेंटर (के.जी.एम.यू.) पहुंचकर सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल रेप पीड़िता के धरना दे रहे परिवारीजनों से मुलाकात की और डाक्टरों से भी उसकी स्वास्थ्य के सम्बंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले दिन से पीड़िता और उसके परिवार के साथ है। हम लगातार पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़े रहेंगे और सड़क से संसद तक यह लड़ाई लड़ी जाएगी। अखिलेश के साथ नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी थे।
अखिलेश ने कहा कि यह घटना दुःखद है। इसकी जितनी निंदा की जाए उतना कम है। बलात्कार पीड़िता की हत्या के प्रयास से देश-प्रदेश की हर एक मां, बहू, बेटी, बहन गहरे सदमें में हैं। महिलाओं में इस घटना को लेकर जो रोष-आक्रोश है वह दोहरे चरित्र वाली सत्ता को बहुत मंहगा पड़ेगा। यह घटना निहायत अमानवीय, शर्मनाक और निंदनीय है।
अखिलेश ने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कहा कि परिवार की मांग है कि उनके चाचा को पैरोल पर छोड़ा जाए, उनका क्या गुनाह है? उन्होंने पीड़ित परिवार को नए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिलाने का सुझाव दिया ताकि उसे न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार को सामने आना चाहिए और पीड़िता की मदद करनी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री भरोसे के लायक नहीं है। सरकार को सब कुछ पता है। भाजपा को भूलना नहीं चाहिए कि उत्तर प्रदेश से ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री है। घटना के दिन केन्द्रीय गृहमंत्री भी लखनऊ में थे। सरकार भाजपा की है इसलिए जिम्मेदारी सरकार की है कि वह न्याय करें।
अखिलेश ने कहा कि बेटी न्याय के लिए पुलिस से मांग कर रही है किन्तु उसे न्याय नहीं मिल रहा है। उसके पिता की हत्या हो गई। भाजपा के नेताओं ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। अब उसकी चाची और मौसी की मौत हो गई जबकि रेप पीड़िता और उनका वकील जीवन में संघर्ष कर रहे हैं। उसकी जान बचेगी या नहीं यह पता नहीं है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके विधायक पर उंगली उठी है। सरकार बहाना न बनाए। सामने आये और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें। यूपी में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। उत्तर प्रदेश की जेलों में हत्या हो रही है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस सरकार की भाषा बोल रही है। भाजपा कुछ भी करा सकती है। महिला अस्मिता की बात करने वाली भाजपा खामोश क्यों है?
श्री यादव ने कहा कि उच्च न्यायालय के वर्तमान जज के अंतर्गत इस पूरे काण्ड की जांच होनी चाहिए। भाजपा विधायक को राज्य के बाहर जेल में भेजा जाना चाहिए। रेप पीड़िता को सरकार एक करोड़ रूपए की मदद दे।
अखिलेश ने रेप पीड़िता के परिवार को पार्टी फण्ड से 10 लाख रूपए और घायल वकील के परिवार को 5 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की। समाजवादी महिलासभा की अध्यक्ष गीता सिंह और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष जरीना उस्मानी के साथ डॉ0 मधु गुप्ता, जूही सिंह एवं नाहिद लारी खान ने मेडिकल कालेज जाकर यह धनराशि पीड़िता के परिजनों को प्रदान की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here