लखनऊ (छविनाथ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पूजा अर्चना के बाद फीता काटकर गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस के हाईटेक मुख्यालय का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा करना ही पुलिस की वर्दी का असली धर्म है। योगी ने पुलिस कर्मियों को अपनी वर्दी का सम्मान करने के लिए प्रेरित भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के वहां पहुंचने पर पुलिस के जवानों ने योगी को सलामी दी। लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पुलिस विभाग के बजट को बढ़ाया। पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए काम किया और पुलिस आवास की सुविधा में बढ़ोत्तरी की। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे उत्तर प्रदेश पुलिस की अपनी एक अकादमी के गठन का प्रयास करेंगे। योगी ने कहा कि उनके शासनकाल के पिछले करीब ढाई वर्षों में उप्र पुलिस ने जनता में विश्वास जगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले सुरक्षा की भावना में कमी के चलते निवेश करने वाली बड़ी-बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश से भाग रही थीं। लेकिन, अब सुरक्षा का जो वातावरण बना है, उससे उद्योगपतियों में भी विश्वास जगा है और वे प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज रूस के उद्यमी भी उत्तर प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी पिछले दिनों रुस गये थे और वहां कृषि और उद्योग के क्षेत्र में निवेश को लेकर कई समझौते हुए। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान तीर्थराज प्रयाग में 15 जनवरी से चार मार्च तक आयोजित हुए कुम्भ के समय की सुरक्षा व्यवस्था की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेले में राज्य सरकार ने बेहतर सुरक्षा, उत्तम स्वच्छता एवं बेहतरीन यातायात सुविधाओं का नया उदाहरण पेश किया। 40178 वर्ग मीटर में बना है पुलिस मुख्यालय
पुलिस मुख्यालय का यह भवन राजधानी लखनऊ के गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में स्थित है। यह करीब 40178 वर्ग मीटर में बना है। इस भवन के निर्माण में 816.31 करोड़ रुपये लागत आई है। सिग्नेचर बिल्डिंग के नाम से निर्मित पुलिस मुख्यालय का यह भवन नौ मंजिला का है। नौवें तल पर पुलिस महानिदेशक का कार्यालय बना हुआ है। यहां से पूरे गोमती नगर विस्तार और गोमती नदी का शानदार नजारा दिखता है। इस भवन में पुलिस महानिदेशक के अलावा प्रदेश पुलिस की 18 इकाइयों के मुख्यालय और उनके मुखिया के भी कार्यालय हैं। इनमें जीआरपी, टेक्निकल सर्विसेज, अग्निशमन निदेशालय, यातायात निदेशालय, लाजिस्टिक प्रशिक्षण निदेशालय, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, आर्थिक अपराध शाखा, एसआइटी और मानवाधिकार प्रमुख इकाइयां हैं। पुलिस मुख्यालय के इस भवन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं दी गई हैं। लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने भी कहा कि सुविधाओं के मामले में यह देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस मुख्यालय होगा। लोकार्पण समारोह में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के अलावा विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया। मुख्यालय के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे भवन में भ्रमण किया और वहां कार्यरत कार्यालयों का निरीक्षण भी किया।