ऑड-ईवन की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल पर फेंका जूता

0
570


नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर सार्वजनिक समारोह में हमले की कोशिश हुई। पिछली बार सम-विषम योजना लागू होने के बाद एक महिला ने इसमें भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके ऊपर स्याही फेंकी थी तो शनिवार को एक व्यक्ति ने उनके ऊपर जूता फेंक दिया। हालांकि जूता उनको लगा नहीं। जूता फेंकने वाले व्यक्ति ने अपने को आम आदमी सेना का सदस्य बताया और कहा कि उसके पास सम-विषम योजना में भ्रष्टाचार के सबूत हैं।
जूता फेंकने वाले की पहचान वेद प्रकाश के तौर पर हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। हमलावर सीएनजी स्टिकर के वितरण में कथित भ्रष्टाचार की बात कर रहा था और उसने दावा किया कि उसने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह घटना दिल्ली सचिवालय में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हुई, जिसे केजरीवाल 15 अप्रैल से सम-विषम योजना के दूसरे चरण की शुरुआत को लेकर संबोधित कर रहे थे।

इस बीच दिल्ली के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जूता फेंकने वाला वेद प्रकाश शर्मा हमले के पहले भाजपा के एक नेता के संपर्क में था। उन्होंने वेद प्रकाश के कॉल रिकार्ड की जांच की मांग की। मिश्रा ने अपने ट्विट में कहा- वेद प्रकाश शर्मा के कॉल विवरण की जांच की जानी चाहिए। उसने हमला करने से ठीक पहले दिल्ली भाजपा के एक नेता को कॉल किया था।

वेद प्रकाश की ओर से फेंका गया जूता मुख्यमंत्री केजरीवाल के पास खड़े व्यक्ति ने हाथ से पकड़ कर गिरा दिया। इससे पहले केजरीवाल पर स्याही फेंकी गई थी। इसके अलावा केजरीवाल को पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान एक व्यक्ति ने थप्पड़ जड़ दिया था। हमलावर की आयु 26 से 27 वर्ष है। जब उसे ले जाया जा रहा था तब वह चिल्ला रहा था। केजरीवाल ने बाद में अपनी प्रेस कांफ्रेंस जारी रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here