गोरखपुर। शोले का बीरू तो याद होगा जिसने पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती से शादी के लिए मौसी से शर्त रखी थी। शर्त मानने पर ही नीचे आया था। ठीक उसी तरह जेल में एक बंदी ने पीपल के पेड़ पर चढ़कर अपनी प्रेमिका की शादी रुकवाने और खुद से कराने की शर्त रख दी। धमकी भी देता रहा कि बचाने के लिए कोई पेड़ पर चढ़ा तो कूद कर जान दे देगा। झूठी ही सही जेल प्रशासन को भी उसकी शर्त माननी पड़ी तब वह करीब दो घंटे बाद नीचे आया। मंगलवार को ही उसकी प्रेमिका की शादी थी।
कैम्पियरगंज के मूसाबाद गांव का कर्मराज अपनी प्रेमिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बीते जुलाई महीने से मण्डलीय कारागार में बंद है। सोमवार को कर्मवीर का दोस्त उससे मिलने जेल में आया था। उसने बताया कि उसकी प्रेमिका की शादी तय हो गई है। मंगलवार को ही शादीहै। जिसके बाद कर्मराज अवसाद में आ गया। साथी बंदियों के मुताबिक रात भर उसे नींद नहीं आई। सुबह जैसे ही बैरक खुला वह रस्सी लेकर चुपके से जेल परिसर में स्थित सबसे ऊंचे पीपल के पेड़ पर चढ़ गया।
जब वह काफी ऊपर पहुंच गया तब उसके बैरक में बंद युवक ने अन्य बंदियों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद जेल प्रशासन को भी खबर हुई। जेलर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे। ऊपर तक साफ आवाज नहीं जा रही थी। उसकी भी आवाज नहीं आ रही थी तब उसने एक चिळी लिखकर नीचे फेंकी। जिसमें लिखा था कि उसकी प्रमिका की आज शादी हो रही है। शादी रुकवाइए और उससे शादी कराइए तभी वह नीचे उतरेगा।
सिपाही बना सीओ, कहा शादी कराऊंगा
जेल प्रशासन जब उसे मनाते-मनाते थक गया वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ तो अधिकारियों ने एक दूसरी तरकीब निकाली। एक दिन पहले ही जेल में पोस्टिंग पर आए एक सिपाही को उन्होंने कैम्पियरगंज का सीओ बनाया। सीओ की तरह सिपाही ने इंट्री की और कर्मवीर को भरोसा दिया कि उसकी प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए बोल दिया गया है। जेल से जब वह जमानत पर बाहर निकलेगा तब उसकी शादी कराई जाएगी इसके बाद वह नीचे उतरा।
नौवी में पढ़ता था तभी से करता था प्रेम
कर्मराज नौवीं कक्षा में था तभी से उससे प्रेम करता है। लड़की जब स्कूल नहीं आती, तब यह उसके गांव चला जाता था। गांववालों ने उसे पकड़कर एक बार पीटा भी था उसके बाद भी उसने मिलना नहीं बंद किया था। दसवीं पास करने के बाद दोनों घर से भाग गए। दिल्ली में रहने लगे। कर्मवीर ने बताया कि उसने मंदिर में शादी भी की। इधर, लड़की के घरवालों ने कैम्पियरगंज थाने में तहरीर दे दी थी। आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को कर्मराज अगवा कर ले गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस जब दबाव बनाई तो उसके घरवाले उन्हें तलाश कर ले आए। तभी से कर्मराज जेल में है।
हाई सिक्योरिटी में रखा गया कर्मराज को
प्रेमिका की शादी के गम में कहीं कर्मराज जेल में जान न दे दे इसके लिए उसे हाई सिक्योरिटी में रखा गया है। उस पर नजर रखने के लिए बंदी रक्षकों के अलावा दो राइटर भी लगाए गए हैं। वे उसे समझा रहे हैं। कर्मराज के परिवारीजन को बुलाया गया था। उन्होंने भी उसे काफी देर तक समझाया।